नेतागिरी

मेरठ में थी किसान महापंचायत, बोले राशिद अल्वी- कांग्रेस आने पर वापस लेंगे ट्रिपल तलाक कानून

मेरठ: केंद्र के 3 कृषि कानूनों के विरोध में शुरू हुए किसान आंदोलन का विपक्ष शुरू से ही समर्थन करता रहा है।

वहीं अब जब किसान संगठन देशभर में किसान महापंचायतें आयोजित कर रहे तो विपक्षी दल भी इसी राह पर हैं। यही कारण है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी राजस्थान उत्तर प्रदेश समेत कई जगह किसान महापंचायत आयोजित कर रही है।

इसी कड़ी में आज रविवार को कांग्रेस की यह महापंचायत मेरठ की सरधना विधानसभा के कैली गांव में हुई। इस महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राशिद अल्वी समेत कई नेता शामिल हुए।

ट्रिपल तलाक कानून वापस लेंगे: अल्वी

हालांकि थी तो ये किसान महापंचायत लेकिन इसमें वादे खास धर्म से जुड़े कानूनों पर हुए। इस महापंचायत में अपने संबोधन के दौरान राशिद अल्वी ने कहा कि “मेरठ के लोगों मैं आपके बीच वादा करता हूं कि तीन तलाक के कानून को वापस लेंगे, हटा देंगे।”

अल्वी ने ये भी कहा कि “हम किसानों के कानून को हटा देंगे। मैं ये भी वादा करता हूं कि कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसा कानून बनाएंगे कि जिन लोगों ने अपनी पत्नियों को छोड़ दिया। ऐसे लोगों के खिलाफ 3 साल की सजा का कानून बनाएंगे।”

भाजपा ने किसानों का अपमान किया: प्रियंका

वहीं महापंचायत में प्रियंका गांधी ने कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि “किसान 100 दिन से संघर्ष कर रहे हैं। 200 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। सरकार का धर्म था कि किसानों के पास जाकर उनसे बात करती।”

आगे उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार ने किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया, किसानों का अपमान किया। किसानों के संघर्ष के साथ आप गांव-गांव आंदोलन करिए। मैं आपसे वादा करती हूं कि 100 दिन क्या 100 महीने भी लगें, मैं किसानों के साथ खड़ी रहूंगी।”

इससे सम्बंधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button