चुनावी पेंच

हरियाणा: ऐलनाबाद सीट पर किसान नेता विकल पचार भी लड़े थे चुनाव, मिले नोटा से 16 वोट ज्यादा

सिरसा: देश में कल आए उपचुनाव परिणामों में हरियाणा के ऐलनाबाद सीट पर किसानों की ओर से उतरे प्रत्याशी विकल पचार अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए हैं।

सिरसा जिले की ऐलनाबाद सीट पर भी बीते 30 अक्टूबर को विधानसभा उपचुनाव सम्पन्न हुआ था। ये सीट इंडियन नेशनल लोक दल के अभय चौटाला के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थी। चौटाला ने किसान आंदोलन के समर्थन में पिछले साल इस्तीफा दे दिया था।

कल आए परिणाम में अभय ने चौथी बार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के गोपाल कांडा को 6739 वोटों से हरा दिया है। अभय को 65,992 वोट मिले जबकि गोपाल कांडा को 59,253 वोट मिले।

यह चुनाव किसान आंदोलन के चलते भी दिलचस्प था। ऐलनाबाद उपचुनाव में तब नया मोड़ आ गया जब कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने भी उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतार दिया।

बता दें कि हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से अखिल भारतीय स्वामीनाथन संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकल पचार को उम्मीदवार बनाया गया था। मोर्चा के पदाधिकारियों ने उम्मीदवार उतारने पर सहमति जताई और संयुक्त किसान मोर्चा से उम्मीदवार उतारने की अपील की थी।

किसान नेता विकल को मात्र 496 वोट मिले हैं जबकि उनके करीब ही नोटा को 480 वोट मिले। इस तरह से वो अपनी जमानत भी नहीं बचा सके हैं। इस सीट पर पहले इनेलो दूसरे पर भाजपा व तीसरे पर कांग्रेस रही।

Source : ECI

इससे सम्बंधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button