राम राज्य

योगी सरकार के फैसले के बाद रेलवे ने फैजाबाद स्टेशन के नाम अयोध्या कैंट किया

अयोध्या: रेलवे ने मंगलवार को फैजाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम तत्काल प्रभाव से बदलकर अयोध्या कैंट कर दिया है। 

पिछले महीने की शुरुआत में, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ वाली भाजपा सरकार ने फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का फैसला किया था।

उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने यहां कहा कि आम जनता की जानकारी के लिए सूचित किया जाता है कि उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में फैजाबाद (FD) रेलवे स्टेशन का नाम तत्काल प्रभाव से अयोध्या कैंट (स्टेशन कोड: AYC) में बदल दिया गया है।

गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक आधिकारिक बयान जारी किया था जिसमें कहा गया, “अयोध्या कैन्ट” के नाम से जाना जाएगा फैजाबाद रेलवे जंक्शन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम “अयोध्या कैन्ट” करने का निर्णय लिया है।

दरअसल यह प्रस्ताव अयोध्या से भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने दिया था जिसे रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। लखनऊ के डीआरएम ने भी इस बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि फैजाबाद स्टेशन का नाम अयोध्या कैंट होगा। 

वहीं इस निर्णय के सूत्रधार रहे लल्लू सिंह ने कहा था कि अयोध्यावासियों के निवेदन को स्वीकार कर, फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर अयोध्या कैंट करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार।

बता दें कि 15 मार्च, 2021 को अयोध्यावासियों व अयोध्या के पूज्य साधु-संतों की मंशानुरूप फैज़ाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदल कर अयोध्या कैंट करने के लिए लोकसभा सदन में भी विषय उठाया था।

इसके अलावा लल्लू सिंह ने 15 अक्टूबर 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अयोध्या कैंट करने का अनुरोध पत्र दिया था। जिसपर मुख्यमंत्री ने सारी औपचारिकताएं पूरी कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन भी दिया था।

इससे सम्बंधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button