एमपी पेंच

MP: महिला नेता से रेप का आरोपी कांग्रेस MLA का बेटा गिरफ्तार, 6 माह से था फरार

इंदौर: मध्यप्रदेश की इंदौर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में 6 महीने से फरार कांग्रेस विधायक के बेटे को गिरफ्तार किया है।

मंगलवार को इंदौर की महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे बड़नगर के कांग्रेसी विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को उज्जैन के आगे मक्सी नामक स्थान से गिरफ्तार कर लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह महिला थाना व क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई थी। अधिकारी ने कहा कि फरारी के दौरान आरोपी अलग-अलग जगह पर रहा है इसलिए ट्रेस नहीं हो पा रहा था।

करन के बारे में मुखबिर के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस उज्जैन गई और मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। मुखबिर ने बताया था कि मक्सी के आगे कच्चे रास्ते पर सफेद कलर की कार में आरोपी करन वहां से निकलने वाला है।

इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की, इसी बीच एक कार आती हुई दिखी जिसे पुलिस ने रोका तो उसमें करण मौजूद था। 25 हजार के ईनामी होने के कारण पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को वहां से गिरफ्तार कर लिया।

अप्रैल में महिला नेत्री ने दर्ज कराया था केस

विधायक पुत्र करन के खिलाफ इंदौर के महिला थाने में एक स्थानीय नेत्री ने मामला दर्ज कराया था। नेत्री का आरोप था कि करन ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में पुलिस ने इसके खिलाफ धारा 376, 376 (2) एन, 376 (2) जे, 294, 506 भादवि में मामला पंजीकृत किया था।

2 बार बढ़ाई गई ईनामी राशि

घटना के बाद से ही आरोपी करन फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना देने पर 5 हजार रुपये इनाम घोषित कर दिया। फिर इसे बढ़ा कर 15 हज़ार रुपये किया गया। करीब 6 महीने बाद दोबारा ईनाम बढ़ाकर 25 हजार कर दिया गया। वहीं, विधायक मुरली मोरवाल ने कहा था कि जब जरूरत होगी तो उनका बेटा पेश हो जाएगा।

इससे सम्बंधित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button