ठांय-ठांय करने वाले को यूपी पुलिस करेगी सम्मानित

एनकाउंटर के दौरान मनोज कुमार की बंदूक जाम हो गयी थी और उन्होंने मुजरिम को डराने के लिए अपने मुँह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालनी शरू कर दी थी।

उत्तर प्रदेश(भारत):- कुछ दिन पहले यूपी पुलिस का एक वीडियो वॉयरल हुआ था जिसमे एक पुलिस वाला अपने मुँह से ठांय-ठांय कर रहा था। जिसे लेकर यूपी पुलिस का मजाक भी बनाया गया था। अब उस पुलिस वाले को सम्मानित किया जायेगा।

दरअसल बात यूपी के संभल जिले की है जहाँ पर 12 अक्टूबर को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई थी । पुलिस 25 हजार के इनामी और 18 मुकदमों में आरोपी रुकसार का पीछा कर रही थी, कि इसी दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ शरू हो गयी। मुठभेड़ के दौरान रुकसार के पैर में गोली लग गयी थी और वह छिपने के लिए एक गन्ने के खेत में घुस गया था। उसी समय पुलिस ने खेत को चारों ओर से घेर लिया था। इसी दौरान दरोगा मनोज कुमार की बंदूक जाम हो गयी थी और उन्होंने मुजरिम को डराने के लिए अपने मुँह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालनी शरू कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने रुकसार को गिरफ्तार कर लिया।

संभल के एसपी युमना प्रसाद ने मनोज कुमार की तारीफ की और कहा कि बंदूक न चल पाने के बाद भी मनोज कुमार डटे रहे और अपनी बहादुरी दिखाई। अब यूपी पुलिस मनोज कुमार को सम्मानित करने की योजना बना रही है। यूपी पुलिस के एनकाउंटर पहले से ही चर्चा का विषय थे कि अब फिर से यूपी पुलिस सवालों के घेरे में आ गयी है।